सहारनपुर। आगामी सीजन को देखते हुए किसान जमकर खाद खरीद रहे हैं। अप्रैल के शुरुआती 20 दिनों में ही 4600 मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री हुई है, जबकि पिछले वर्ष अप्रैल माह में करीब पांच हजार मीट्रिक टन यूरिया खरीदा गया था।
रबी सीजन में फरवरी के बाद आमतौर पर माना जाता है कि खाद की मांग सामान्य रूप से घट जाती है, लेकिन इस बार इसके उलट हो रहा है। अप्रैल माह में खाद की बिक्री में कुछ तेजी देखने को मिली है। बात अगर पिछले वर्ष के अप्रैल भर के आंकड़ों की करें तो पिछले वर्ष डीएपी की बिक्री 1150 मीट्रिक टन हुई थी, जबकि इस बार अप्रैल माह के खत्म होने से पहले ही करीब 1429 मीट्रिक टन डीएपी की बिक्री हुई है। इसके अलावा एनपीके की खरीदारी जरूर पिछले वर्ष के मुकाबले कम रही है। पिछले वर्ष अप्रैल माह में करीब 659 मीट्रिक टन एनपीके बिका था। इस वर्ष 356 मीट्रिक टन की खाद किसानों द्वारा खरीदी गई है। वहीं खाद की बिक्री को लेकर विभाग की ओर से कड़ी निगरानी भी रखी जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि जिले में खाद की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अवैध भंडारण पर भी कार्रवाई की जा रही है। जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।