फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: किसान की बेटी वर्णिका ने थामा बल्ला, कर रही कमाल

Tue, 14 Jan 2025 12:48 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
क्रिकेटर व​र्णिका चौधरी - फोटो : जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
विज्ञापन
सहारनपुर। किसान परिवार में जन्मी वर्णिका चौधरी ने चूल्हा चौका थामने की बजाय क्रिकेट का बल्ला थामना सही समझा। वर्णिका ने बल्ला ऐसा थामा, जिसने उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दे दी। हाल ही में वर्णिका ने उत्तर प्रदेश की अंडर-23 महिला टीम का कप्तान बनकर परिवार और जनपद का मान बढ़ाया।
विज्ञापन

गंगोह के गांव बीराखेड़ी के किसान राजपाल सिंह और सुषमा चौधरी के घर जन्मी वर्णिका चौधरी दाएं हाथ की बेहतरीन बल्लेबाज हैं। वह अलग-अलग स्तर पर लगातार चयनित होकर बल्ले से कमाल करती आ रही है। वह भारतीय अंडर-19 बी टीम की सदस्य भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम की कप्तान और उप कप्तान रही हैं। चैलेंजर ट्रॉफी, एनसीए जोनल ट्रॉफी, अंडर-23 यूपी वन-डे ट्रॉफी, यूपी सीनियर्स वन-डे ट्रॉफी, अंडर-19 यूपी वन-डे ट्रॉफी और यूपी टी-20 ट्रॉफी में खेल चुकी हैं। वर्तमान में वह प्रदेश की सीनियर महिला खिलाड़ी हैं। पिछले सप्ताह ही वर्णिका चौधरी को उत्तर प्रदेश की अंडर-23 टीम की कमान मिली है।
वह टी-20 सीरीज में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। वर्णिका ने बताया कि आगामी दिनों में वन-डे मैच होने हैं, जिनके लिए टीम चुनी जानी है। उम्मीद जताई कि टीम में जगह मिलेगी। क्रिकेट में बेटी के बढ़ते कदमों को देखकर माता-पिता गदगद हैं। पिता राजपाल सिंह का कहना है कि अक्सर क्रिकेट को लड़के खेलते हैं। जब वर्णिका ने क्रिकेट सीखने की इच्छा जताई तो उन्हें भी अटपटा सा लगा, लेकिन क्रिकेट के प्रति उसके जुनून को देखते हुए उसे रोका नहीं गया। आज वह उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही है, जो गौरव की बात है। मां सुषमा चौधरी का कहना है कि ऐसी बेटी हर किसी के घर में हो।
विज्ञापन




भाई है राज्य स्तर का शूटर
वर्णिका चौधरी का बड़ा भाई अभिनव चौधरी राज्य स्तर का शूटिंग खिलाड़ी है। वह अभी तक अनेक प्रतियोगिताओं में रायफल शूटिंग स्पर्धा में पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुका है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें