हाफिज सईद का फाइल फोटो। श्रोत परिजन
नागल/सहारनपुर। थाना नागल क्षेत्र के गांव सोहनचिड़ा में खेत पर पानी चलाने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना पुलिस के अलावा एसपी देहात, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजन किसी से रंजिश होने से इंकार कर रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस टीम वारदात के खुलासे में जुट गई है।
गांव सोहनचिड़ा निवासी हाफिज सईद (65) सोमवार शाम छह बजे साइकिल से खेत में पानी चलाने गए थे। वह जब रात नौ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिले। इसके पश्चात परिजनों ने गांव की मस्जिद से ऐलान कराकर किसान के लापता होने की जानकारी ग्रामीणों को दी। तत्पश्चात परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सईद की तलाश की। लोग जब खेत के दूसरी तरफ चकरोड पर पहुंचे तो सईद का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
सईद की कनपटी और छाती पर गोली लगी थी। थाना प्रभारी कुसुम भाटी ने मौके पर पहुंचकर घटना के संंबंध में जानकारी ली। इसके बाद एसपी देहात सागर जैन और क्राइम ब्रांच की टीम भी वारदात स्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के बेटे मुसीर आलम ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। हत्याकांड को किसने और क्यों अंजाम दिया कोई जानकारी नहीं है। उधर, एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीम बनाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।