हादसे में क्षतिग्रस्त हुई पिकअप
- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ (सहारनपुर)। चंडीगढ़ सब्जी मंडी में सब्जी बेचकर लौट रही पिकअप की स्कूल बस से टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सहित चार लोग घायल हो गए। इनमें से तीन का उपचार हरियाणा के मुलाना अस्पताल में चल रहा है।
बृहस्पतिवार रात नकुड़ से पिकअप गाड़ी में सब्जी लेकर कुछ किसान चंडीगढ़ सब्जी मंडी में गए थे। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह उक्त किसान लौट रहे थे कि सुबह करीब सात बजे अंबाला रोड पर स्थित गांव घीण के पास उक्त पिकअप की एक स्कूल बस से टक्कर से टक्कर हो गई। इसमें गांव साल्हापुर निवासी सुरेंद्र उर्फ मनु (27) पुत्र जनेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक शिवकुमार, घनश्याम निवासी गांव साहबा माजरा, निर्भय व सुरेंद्र गांव साल्हापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें निर्भय व घनश्याम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे में पिकअप गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।