- किसान की हत्या के आरोप में चार सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट। गांव चांडी निवासी इस्लाम (55) की हत्या के आरोप में उसके बेटे परवेज ने गांव के ही खालिद, आदिल, आकिल व सद्दू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। चारों आरोपी सगे भाई और मृतक इस्लाम के पड़ोसी किसान हैं।
बुधवार शाम चार बजे खेत में इस्लाम और आरोपियों के बीच मारपीट के दौरान इस्लाम की मौत हो गई थी। मृतक के बेटे परवेज ने आरोप लगाया था कि आरोपी चारों भाई अपने खेत की मेड़ के पार उनकी तरफ कुछ पकाने के लिए चूल्हा बना रहे थे। उसके पिता के विरोध करने पर उन्होंने उनके साथ गली-गलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने उसके पिता को थप्पड़-मुक्कों से पीटा। उसने पिता को बचाने का प्रयास किया, तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके पिता इस्लाम की मौत हो गई। पुलिस ने देर रात परवेज की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बेहट सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस्लाम की मौत गले पर चोट लगने से होनी बताई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।