देवबंद। तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना को अंजाम देकर भागने का प्रयास कर रहे कार चालक को लोगों ने पीछा करके दबोच लिया और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया।
मिरगपुर गांव निवासी किसान हाकम सिंह (54) शुक्रवार को बाइक द्वारा किसी काम से देवबंद आया था। उनकी बाइक पर गांव का ही 35 वर्षीय युवक डब्बू भी बैठा था। रात्रि करीब 10 बजे गांव लौटते समय देवबंद-मंगलौर रोड स्थित मानकी मंदिर से कुछ आगे अचानक पीछे से तेज गति से आई स्कॉर्पियो कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाकम सिंह और डब्बू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे कार चालक को कुछ दूर पीछा कर दबोच और जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के बाद घायलों को देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने हाकम सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि डब्बू को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। अचानक हुई मौत से हाकम सिंह के परिवार में कोहराम मचा गया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की सुबह जब हाकम सिंह का शव गांव पहुंचा तो मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।