नानौता (सहारनपुर)। मंगलवार की रात्रि में हरियाणा धान लेकर जा रहे किसान की ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इससे ट्रैक्टर ट्राली पर सवार किसान की मौत हो गई। जबकि उसका भाई घायल हो गया। परिजनों ने बुधवार को किसान के शव का अंतिम संस्कार किया।
थाना नानौता क्षेत्र के गांव भनेड़ा खेमचंद निवासी किसान 48 वर्षीय इमरत सिंह पुत्र प्रेम सिंह अपने भाई चांद सिंह के साथ मंगलवार की रात्रि में ट्रैक्टर ट्राली में धान लादकर हरियाणा के करनाल जा रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही उनकी ट्रैक्टर ट्राली रात्रि करीब 11 बजे करनाल के गांव बिहीड़ के निकट पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चला रहे किसान इमरत की ट्राली के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके भाई को हल्की चोटें आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक किसान और घायल किसान को सरकारी अस्पताल भेजा और हादसे की सूचना रात्रि में ही किसान के परिजनों को दी। हादसे की खबर सुनते ही किसान के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रात्रि में ही किसान के शव पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बुधवार को गांव में मृतक किसान के शव का अंतिम संस्कार किया।