छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिजनों को पीटा
नानौता। सरकारी नल पर पानी लेने गई युवती के साथ गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती के परिजनों के साथ आरोपी पक्ष ने मारपीट की। थाने पहुंची घायल महिला को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भेजा। युवती के ताऊ ने आरोपी युवक व उसके परिजनों के विरुद्ध थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि बुधवार की शाम करीब छह बजे उसकी भतीजी घर के पास स्थित सरकारी नल से पानी लेने के लिए गई। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए खींचने का प्रयास किया। युवती द्वारा शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि उसके बाद युवती की ताई व अन्य परिजन आरोपी युवक के घर पहुंचे। आरोपी युवक व उसके दो भाइयों तथा पिता ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। जिसमें वह घायल हो गए। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।