संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। उप गन्ना आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि मंडल की सभी गन्ना विकास समितियों में 15 से 25 सितंबर तक मेले लगेंगे। इसमें गन्ना सट्टा प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसान अपने प्राइमरी कैलेंडर में यदि त्रुटि हो तो उसे संशोधित करा सकें।
बुधवार को गन्ना भवन सभागार में हुई ऑन लाइन बैठक में उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि इन मेलों में किसानों को गन्ना सप्लाई कैलेंडर वितरित किए जाएंगे। यदि किसी किसान के गन्ना कैलेंडर में कोई कमी हो तो उसे दूर कराकर उसे सही किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसान मेले में ग्रामवार स्टॉल लगाए जाएंगे। इन पर गन्ना विभाग के सुपरवाइजर और चीनी मिलों के गन्ना सर्वेयर किसानों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण करके उसी दिन उसका संशोधन कंप्यूटर में फीड कराया जाए। उन्होंने कहा कि मेले में सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास समिति के सचिव, सुपरवाइजर और संबंधित चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक एवं गन्ना सर्वेयर उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी सहारनपुर सुशील कुमार, जिला गन्ना अधिकारी मुजफ्फरनगर संजय सिसोदिया और जिला गन्ना अधिकारी शामली विजय बहादुर सिंह, तीनों जिलों के सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और चीनी मिलाें के गन्ना महाप्रबन्धक मौजूद रहे।