छुटमलपुर (सहारनपुर)। हिंदू जागरण मंच एवं रविदासी संतों की बैठक में धर्मांतरण प्रकरण को लेकर चिंता जताई और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही जमीयत उलमा ए हिंद की तरफ से आरोपी मौलाना उमर गौतम को विधिक सहायता की घोषणा को लेकर भी सवाल उठाया है।
क्षेत्र के कमालपुर स्थित ठाकुर चंद्रपाल सिंह आईटीआई में हुई बैठक में जिला संरक्षक रविदास पीठ के महंत गुरू मदन दास ने उपस्थित समुदाय को मंत्र पाठ करके हिंदू समाज में एकता का आह्वान किया। मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से हिंदू महिलाओं का विधर्मियों द्वारा अपहरण, दुष्कर्म व धर्मांतरण कराया, वह बहुत ही चिंतनीय है। इसका वास्तविक कारण विधर्मी समाज द्वारा हिंदुओं के धर्मांतरण व उत्पीड़न में संलिप्त अपराधियों को प्रश्रय देना है।
उन्होंने कहा कि हाल में जिस प्रकार से मूक बधिर बच्चों का धर्मांतरण कराने के आरोपी मौलाना उमर गौतम को जमीयत उलमा ए हिंद के कार्यकारी अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने विधिक सहायता देने की घोषणा की है, इससे संकेत मिलता है कि धर्मांतरण में ऐसे लोगों का प्रश्रय है, जो भारत को दारूल इस्लाम बनाने के एजेंडे पर कार्य करते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
इस बैठक में जिला संयोजक गिरिराज राणा, जिलाध्यक्ष मनोज उपाध्याय, जितेंद्र राणा, जितेंद्र जीवाला, राज कुमार शर्मा, डॉ. योगेश सैनी, अंकुर सैनी, राजीव शर्मा, महात्मा जगराम दास, कपिल दास, सत्यपाल दास आदि रहे।