- नगर आयुक्त ने आरोपी बेलदार को निलंबित कर अन्य अनुभाग में संबद्ध किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम के गृहकर एवं जलकर अनुभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। गृहकर कम कराने के नाम पर 11 हजार रुपये लेने वाले बेलदार को नगर आयुक्त ने निलंबित कर दिया है।
गृहकर एवं जलकर अनुभाग में बीते कुछ समय में आधा दर्जन से अधिक मामले भ्रष्टाचार के सामने आ चुके हैं। करीब दो वर्ष पहले दो कर्मचारियों की ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कर्मचारी भवन स्वामी से काम कराने के नाम पर रुपये लेने की बात स्वीकार कर रहे थे। इसमें दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। एक लिपिक पर उच्चाधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर नामांतरण की फाइल आगे बढ़ाने का मामला सामने आया था, जिसमें लिपिक को निलंबित कर दिया गया था। पिछले वर्ष औद्योगिक क्षेत्र में टैक्स कम लगाने का मामला सामने आया था, जो समय के साथ दब गया। अब बेलदार द्वारा टैक्स कम कराने की एवज में 11 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है।
चकहरेटी निवासी संजीव कुमार ने 27 अप्रैल 2026 को नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर निगम के बेलदार मरगूब अहमद पर गृहकर कम कराने के नाम पर 11 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया था। इस पर नगर आयुक्त शिपू गिरि ने सहायक नगर आयुक्त जेपी यादव को सौंपी थी। जांच में दोष सिद्ध हुआ है, जिसके आधार पर नगर आयुक्त ने बेलदार को निलंबित कर पशु कल्याण अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही मुख्य अभियंता निर्माण को प्राथमिकी दर्ज कराने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।