सहारनपुर। बारिश और तेज हवा के चलते शनिवार रात और रविवार सुबह शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल रही। इस कारण लोगों को कई घंटों तक बिना बिजली के रहना पड़ा। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
जनपद में बिजली के तार हल्की बारिश और हवा को नहीं झेल पा रहे हैं। एक-एक लाइन से कई-कई बिजलीघर चल रहे हैं। बिजली की लाइनें भी जर्जर हैं। इस कारण जरा सा लोड पड़ने के साथ बिजली की लाइनों में फाल्ट हो जाते हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार रात और रविवार सुबह बारिश और हवा चलने से गंगोह, नकुड़, देवबंद, बेहट क्षेत्रों में फाल्ट हुए तो वहां के गांवों में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। यहीं नहीं महानगर में गुरुद्वारा रोड, पटेल नगर और सुभाष नगर सहित अनेक कालोनियों में सुबह के समय बिजली नहीं आई। यहां के लोगों का आरोप है कि जब बिजली आपूर्ति को लेकर बिजली अधिकारियों व कर्मचारियों को फोन किया गया तो नहीं उठाया। इससे लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।