नागल। ऊर्जा निगम का खेल भी निराला है। कब किस उपभोक्ता पर कितना बिजली बिल भेज दिया जाए कुछ नहीं पता। इतना ही नहीं उपभोक्ता को भेजे गए अनाप सनाप बिल को ठीक भी नहीं किया जा रहा है। ऐसा ही मामला दगडोली निवासी महिला उपभोक्ता का सामने आया है। पावर कार्पोरेशन ने महिला उपभोक्ता के घर का तीन माह का बिजली बिल साढ़े चार करोड़ रुपये भेज दिया है। महिला बिल ठीक कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन कोई अधिकारी उसकी मदद करने को तैयार नहीं है। अब महिला ने डीएम से न्याय की उम्मीद लगाई है। अब देखना यह है कि क्या डीएम भी पीड़ित महिला को आश्वासन के साथ ही वापस लौटा देंगे या फिर उसकी समस्या का समाधान और संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
दगडोली निवासी बाला पत्नी राजकुमार ने डीएम अखिलेश सिंह से की गई शिकायत में बताया कि फरवरी 21 में उसने पिछले बकाया विद्युत बिल का भुगतान किया था। एक सप्ताह पूर्व तीन माह के आए विद्युत बिल की रकम चार करोड़ 45 लाख 64 हजार 90 रुपये दर्शाई गई है। जिसके बाद से मानसिक तनाव हो गया है। महिला का कहना है कि विद्युत बिल को ठीक कराने के लिए कई बार देवबंद व नागल बिजली कार्यालय पर पहुंची। लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। उधर उपखंड अधिकारी सुंदर पाल सिंह का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते ऐसा हो सकता है। अवर अभियंता की रिपोर्ट के बाद बिल ठीक करा दिया जाएगा।