काटते वक्त पेड़ गिरने से बिजली का खंभा टूटा, कार क्षतिग्रस्त
गंगोह। सड़क किनारे खड़ा पेड़ काटते समय विद्युत लाइन पर गिर गया। इससे खंभा टूट गया वहीं, खंभे की चपेट में आने से एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उसमें सवार लोग बच गए।
सोमवार देर शाम गंगोह बाईपास मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा एक आम का पेड़ काटा जा रहा था। काटते समय पेड़ वहां से गुजर रही विद्युत लाइन पर गिर गया, जिससे लाइन व खंभा दोनों टूट कर सड़क पर जा गिरे। जिस समय खंभा गिरा उस समय वहां से गुजर रही कार भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि जिस समय विद्युत लाइन सड़क पर गिरी उस समय बिजली चालू नहीं थी वरना बड़ा हादसा हो सकता था। लाइन क्षतिग्रस्त होने से बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के कारण संबंधित क्षेत्र के लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी वहीं लोगों को नलकूप का पानी भी नसीब नहीं हुआ।