सहारनपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिले में सांसद इमरान मसूद ने जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 12 वर्षों के शासन में शिक्षा को व्यापार बनाने का काम किया है।
उन्होंने परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं पर चिंता जताई। सरकार पर पेपर लीक के मामलों में लीपापोती का आरोप लगाया। कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) भ्रष्टाचार में डूबी है। इसके कारण राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर हर वर्ष लीक हो रहे हैं। कहा कि मनमोहन सरकार देश में शिक्षा का अधिकार कानून लाई थी। भाजपा सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। पेपर लीक होने के बाद सेना की मदद ली जा रही है। आंकड़े देते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि तीन हजार बच्चों में से एक आईएएस, 30 बच्चे आईआईटी में प्रवेश पाते हैं। 180 बच्चे डॉक्टर बनते हैं। शेष बच्चे इस सिस्टम के फेर में उलझ कर रह जाते हैं।
उन्होंने इसे सेलेक्शन नहीं रिजेक्शन सिस्टम बताया। देश में नीट का एग्जाम देने वाले बच्चों के परिवार उनकी तैयारी में प्रतिवर्ष रुपये 1.32 लाख करोड़ खर्च करते हैं, जबकि भारत सरकार का शिक्षा बजट मात्र 1.4 लाख करोड़ रुपये हैं। 1000 में से केवल 12 बच्चे सैलरी वाले फॉर्मल रोजगार पाते हैं, जबकि इंजीनियरिंग की उच्च शिक्षा प्राप्त 80 फीसदी इंजीनियर बेरोजगार रहकर काम की तलाश में ही घूमते रहते हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, जावेद साबरी, प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, संदीप वर्मा, रईस मलिक, जिपं सदस्य सुदेश प्रधान आदि मौजूद रहे।