फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ई-रिक्शा चालक की हत्या, लोगों ने थाना घेरा

Thu, 28 Jun 2018 11:56 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला/सहारनपुर
विज्ञापन
युवक की हत्या पर रोती-बिलखती महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
सहारनपुर के गंगोह में ई-रिक्शा चालक की बुधवार रात हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया गया। युवक को सीने, मुंह और पैरों में धारदार हथियार से गोदा गया था। पुलिस प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट मान रही है।

उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली पर जमकर हंगामा किया और जाम लगा दिया। एसएसपी उपेन्द्र अग्रवाल ने गंगोह पहुंचकर पुलिस को जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने एक युवक को लूटी गई ई-रिक्शा के साथ हिरासत में लिया है।  
विज्ञापन


गंगोह पुलिस को बुधवार देर रात सूचना मिली कि बाईपास मार्ग से पदम सिनेमाहाल को जाने वाली सड़क पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। उसकी पैंट भी खून से सनी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। युवक को सीने, मुंह और पैरों में धारदार हथियार से प्रहार किए जाने के निशान थे।

कुछ देर बाद शव की पहचान मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी शफीक के पुत्र आसिफ के रूप में हुई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। आसिफ की हत्या की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। मौके से आसिफ की ई-रिक्शा नदारद थी।

माना जा रहा है कि ई-रिक्शा लूटकर उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे नमाज पढ़ने के बाद वह  ई रिक्शा लेकर नानौता बस स्टैंड पर गया था। इसके बाद उसकी हत्या की खबर आई।

बृहस्पतिवार सुबह आसिफ की हत्या से गुस्साए सैकड़ों लोगों ने हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने और मुआवजा देने की मांग करते हुए कोतवाली पर हंगामा किया। उग्र लोगों ने नानौता चौक पर जाम भी लगाया।

कोतवाली में भीड़ बढ़ती देख एक बार तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सीओ राजेंद्र सिंह ने चार दिन के भीतर हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोलकर लोग लौट गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र अग्रवाल ने भी कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने एक युवक को लूटी गई ई-रिक्शा के साथ पकड़ा है। सीओ ने बताया कि पुलिस ई-रिक्शा लूट के लिए हत्या के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही हैं।  

आसिफ ने इसी साल पास की थी इंटर की परीक्षा  
 गंगोह। गुलाम औलिया निवासी शफीक का 17 वर्षीय पुत्र आसिफ तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता शफीक ने रोते हुए बताया की उसने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी। वह पढ़ाई में बेहद होशियार होने के साथ ही मृदुभाषी भी था। बेहद गरीबी के कारण वह पढ़ाई के बाद पिता का हाथ बंटाने के लिए ई-रिक्शा चलाया करता था। आसिफ ने एक साल पहले मजदूरी से जुटाई रकम से ई-रिक्शा खरीदी थी। 
       
दिव्यांग मां कोतवाली में हुई बेसुध
गंगोह। बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली में अन्य परिजनों के साथ मृतक आसिफ की मां भी आई थी। उसकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह बार-बार गश खाकर गिर रही थी। इसी बीच वह बेहोश हो गई। अन्य परिजन पानी डालकर उसे होश में लाया गया।         
विज्ञापन


जल्द होगा खुलासा  
कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कुछ क्लू मिला है, जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़ लिया जाएगा। शव के पास एक कपड़ों का बैग और दो जोड़ी चप्पलें भी मिली हैं। संभवत: वह हत्यारों की हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें