कुर्की का नोटिस चस्पा करता कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में जिला प्रशासन ने खनन के बकाएदारों के खिलाफ जारी आरसी की वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। इसके तहत शुक्रवार को बकाएदार अमित जैन का दिल्ली रोड के पार्श्वनाथ सिटी स्थित प्लाट नंबर 515 को कुर्क कर लिया है।
इसका रकबा 419.73 वर्ग मीटर है। इससे पहले भी उसका एक मकान और एक प्लाट कुर्क किया चुका है। अमित जैन की 15, 93,71, 644 रुपये की आरसी जारी की गई थी। इस कार्रवाई से बाकी बकाएदारों में खलबली मची हुई है।
खनन में बकाया को लेकर जिले में 17 बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी हुई थी। इनमें से कुछ की कुर्की की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है। अब शुक्रवार को एसडीएम सदर संगीता के निर्देशन में तहसीलदार सदर सुधीर कुमार की टीम ने बकाएदार अमित जैन के पार्श्वनाथ सिटी स्थित एक प्लाट को कुर्क कर लिया है।
एसडीएम सदर ने बताया कि अन्य बकाएदारों के खिलाफ भी कार्रवाई चल रही है। हर सूरत में बकाया धनराशि की वसूली की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले 16 दिसंबर को बकाएदार अमित जैन का चिलकाना रोड स्थित 167.22 वर्ग मीटर का एक मकान और महावीर कालोनी स्थित 227.61 वर्ग मीटर का एक प्लाट कुर्क किया गया था।
शुक्रवार को उनका पार्श्वनाथ सिटी स्थित 419.73 वर्ग मीटर के प्लाट को भी कुर्क कर उस पर नोटिस चस्पां कर दिया गया है। उन्होंने बताया उन पर 15 करोड़ 93 लाख, 71 हजार 644 रुपये की बकाएदारी है।