बेहट में सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में लगे शारदीय नवरात्र मेले का रविवार को पूर्णिमा तिथि पर जिला पंचायत द्वारा विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह में डीएम शफक्कत कमाल द्वारा इस विख्यात मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए सहयोगी सामाजिक संस्थाओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों आदि को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत गेस्ट हाऊस परिसर में आयोजित समापन समारोह में डीएम ने कहा कि वेस्ट यूपी के इस विख्यात सिद्धपीठ में लगने वाले शारदीय नवरात्र मेले में जिला पंचायत द्वारा की गई तमाम व्यवस्थाएं ठीक रही, लेकिन हमें और अच्छा करने की जरूरत है, ताकि माता के दरबार में आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो। उन्होंने मेले के शांति पूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं, जलनिगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्काउट एवं गाईड्स आदि को पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष तसमीम बानो और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुनील यादव ने डीएम और सीडीओ दीपक मीणा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष और संचालन जिला पंचायत के इंजीनियर गौड़ ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष के पति माजिद अली, जिला पंचायत सदस्य शशि त्यागी, राजेश बाल्मीकि, संदीप कुमार, रकम सिंह, राजकुमार, राव गुलशेर, कंवरपाल सैनी, अब्दुल सत्तार, अजय कुमार, सौरभ सिंह, ओमवीर सिंह, सत्यप्रकाश बंसल, अंजू पुरी, नीरज कुमार पाटिल आदि रहे।