सहारनपुर। सर्दी का सीजन शुरू होते ही त्वचा में रूखापन बढ़ गया है। बुजुर्गों की त्वचा में दरारें पड़ रही हैं। कई मरीज खुजली से भी परेशान हैं। एसबीडी जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सुबह-शाम सर्दी हो रही है। तापमान में भी गिरावट आई है। सर्दी में लोगों ने गर्म पानी से नहाना शुरू कर दिया है। कठोर साबुन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे त्वचा में रूखापन बढ़ गया है। एसबीडी जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु शर्मा ने बताया कि ओपीडी में बुजुर्गों की त्वचा में दरारें भी पड़ रहीं। खुजली शुरू से भी कई मरीज परेशान हैं। उन्होंने बताया कि सर्दी में बहुत गर्म पानी से नहीं नहाना चाहिए। पहले सूती और उसके ऊपर ऊनी कपड़े पहने।
नहाने के बाद नारियल तेल या मॉइस्चराइजर लगाएं। खासकर बुजुर्ग पैरों में रूखापन और दरारें पड़ने की समस्या लेकर आ रहे हैं। खुजली आने से त्वचा में लालिमा भी आ जा रही है। जिन बच्चों की त्वचा संवेदनशील है, उनकी भी त्वचा में रुखापन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नहाते समय गर्म के बजाय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।