बड़गांव(सहारनपुर)। गांव नन्हेड़ा खुर्द में शराब पीने के बाद हुई कहासुनी में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडा मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के बड़े भाई बिजेन्द्र ने छोटे भाई के खिलाफ केस दर्ज किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार की देर रात थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा खुर्द में अनिल शराब पीकर अपने घर आया था। घर पर उसका बड़ा भाई रविन्द्र (40) पुत्र रामरतन भी बैठ कर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई ने घर में रखे डंडे से बड़े भाई रविंद्र के सिर पर वार कर दिया। रविंद्र लहूलुहान होकर गिर गया। परिजनों ने घायल को देवबंद अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था।
गाली देने पर आ गया था गुस्सा
पुलिस हिरासत में अनिल को भाई की हत्या का पछतावा था। उसने बताया कि उसका इरादा भाई के कत्ल का नहीं था। वह भी नशे में था और भाई भी शराब पी रहा था। भाई ने उसे बिना बात गाली दी तो उसे गुस्से में आकर उसके सिर पर डंडा मार दिया। वह उसे मारना नहीं चाहता था। सब कुछ नशे की हालत में हुआ है।
दोनों भाइयों के बीच शराब पीने के दौरान कहासुनी में यह वारदात हुई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
- अशोक कुमार सिसौदिया, सीओ देवबंद