एक तरफ खूनी सड़कों पर बेलगाम वाहनों के कारण हो रहे हादसों में जिंदगियां दम तोड़ रही हैं तो दूसरी तरफ कुछ ऐसे खाकी वर्दीधारी हैं, जिन्हें जनमानस की जिंदगी तो क्या अपनी भी सुध नहीं है।
ऐसा ही एक शर्मनाक मामला शनिवार दोपहर सामने आया। जेवी जैन कॉलेज रोड पर डीआईजी कार्यालय के ठीक बराबर में एक पुलिस वाला शराब के नशे में इतना धुत्त हो गया था कि वह सड़क किनारे रखे कूड़ेदान में ही मुंह डालकर वह बेसुध हालत में लटका रहा।
पुलिस की एक गश्ती टीम ने शख्स को यहां से हटवाया। इस बारे में थाना सदर प्रभारी एसके दुबे ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
पता चलने पर किसी गश्ती टीम ने सिपाही को वहां से हटवा दिया हो। इस बारे में एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि कोई सिपाही ऐसा करता है, तो वह काफी शर्मनाक है। थाना प्रभारियों को इस बारे में दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।