संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर/सरसावा। उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर बुधवार को अंबाला मंडल के डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने स्पेशल ट्रेन से सहारनपुर-अंबाला तक ट्रेनों की स्पीड, रेलवे सुरक्षा और मरम्मत कार्यो का निरीक्षण किया।
अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे रेलवे के अधिकारियों के साथ स्पेशल ट्रेन से चलकर सरसावा होते हुए सहारनपुर पहुंचे। यहां करीब आधा घंटे रुके। इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन टीटीई विश्राम गृह, लोको लॉबी, पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया। पार्किंग एरिया में अवैध रूप से खड़े वाहनों को देखकर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को पार्किंग में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआरएम ने सहारनपुर-अंबाला रेलमार्ग की ट्रेनों की स्पीड, सुरक्षा और ट्रैक मरम्मत कार्यो का भी निरीक्षण किया।
डीआरएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीएम निरीक्षण के दौरान कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण में अंबाला से सीनियर डीसीएम हरिमोहन, सीनियर डीओएम वीरेंद्र कादियान, इंजीनियर विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय अफसरों में स्टेशन अधीक्षक एके त्यागी, सीटीआई हरिओम मीणा आदि रहे।
चमकाया जा रहा रेलवे स्टेशन
नॉदर्न रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल के 25 नवंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। रेलवे प्रशासन सारी व्यवस्था चाक चौबंद कर रहा है। प्लेटफार्म का कौना-कौना चमकाया जा रहा है। टीटीई विश्राम गृह का कायाकल्प किया जा रहा है। सरकुलेटिंग एरिया की पट्टी पर पेंट हो रहा। इसके साथ ही सफाई भी दिन में कई बार हो रही है।
उधर, सरसावा रेलवे के जीएम द्वारा सरसावा रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित निरीक्षण को लेकर डीआरएम तथा अन्य रेलवे अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। 25 नवंबर को रेलवे के जीएम का सहारनपुर दौरा प्रस्तावित है। अंबाला डिवीजन के डीआरएम आज विशेष ट्रेन से सरसावा पहुंचे और प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैठने की सीटों पर जमी धूल को देख नाराजगी जताई। डीआरएम ने रेलवे लाइन पर काम कर रहे गैंगमैन को रिफ्लेक्टर लगी वर्किंग ड्रेस, हेड लाइट लगे हेलमेट तथा जूते पहनने के निर्देश दिए। इस दौरान सीनियर डीएससी नीति शर्मा, सीनियर डीएम हिमांशु, सीनियर डीसीएम हरिमोहन एवं विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।