दून हाईवे पर जाम में फंसे वाहन। श्रोत राहगीर
छुटमलपुर/बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लाल पुल के निकट सड़क पर कंटेनर के फंसने से करीब ढाई घंटे तक जाम रहा। भीषण गर्मी में जाम में फंसे वाहन चालकों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए चालकों ने निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड से सीमेंट के अवरोधक हटाकर उस पर वाहन दौड़ा दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर को हटवाया, तब हाईवे पर जाम खुला।
बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे नई कारें लेकर जा रहा एक कंटेनर चालक रास्ता भटककर देहरादून की तरफ चला गया। मोहंड से आगे आने पर उसे पता चला कि गलत रास्ते पर आ गया, जिसके बाद चालक ने कंटेनर को वापस मोड़ने का प्रयास किया।
इसमें कंटेनर सड़क पर आड़ा तिरछा होकर फंस गया, जिससे हाईवे पर रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जाम गणेशपुर में वहां तक पहुंच गया, जहां से एलिवेटेड रोड शुरू होता है।
निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड हाईवे के पास से गुजरा हुआ है, जिस पर अभी कुछ काम बाकी है। भीषण गर्मी में जाम में फंसे वाहन चालकों ने इकट्ठा होकर एलिवेटेड पर वाहन दौड़ा दिए। डाट काली मंदिर के पास पहुंचते ही वहां पर सीमेंट के अवरोध लगे थे। कुछ देर के लिए एलिवेटेड रोड पर भी जाम लग गया। इसके बाद वाहन चालकों ने रस्से की मदद से अवरोध को हटाया और एलिवेटेड से वाहन गुजारे।
सूचना मिलने पर मोहंड चौकी पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को हटवाया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे हाईवे पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। वहीं, एलिवेटेड रोड पर भी अवरोधक लगाकर उसे बंद कराया गया। कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा मलिक, अभि कांबोज, मुनीष बंसल, राव पूर्व ब्लाक प्रमुख राव फजलुर्रहमान आदि का कहना है कि जाम लगने की दशा में एलिवेटेड रोड को खोल देना चाहिए।