बिहारीगढ़ में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन और मरे पड़े मुर्गें।
- फोटो : SAHARANPUR
दो वाहनों की भीषण टक्कर में चालकों की मौत
बिहारीगढ़(सहारनपुर)। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह दून हाईवे पर मुर्गों से भरी पिकअप और कंटेनर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में सैकड़ों मुर्गों की भी जान चली गई। वहीं, दून हाईवे पर गाड़ियों के टक्कर से कुछ देर के लिए जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर चालकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह साढे़ छह बजे हाईवे पर मोहंड से पहले दो वाहनों की टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक शाह आलम (32) पुत्र इजरायल निवासी पवारपुर पोस्ट बिशनपुर जनपद प्रतापगढ़ और गोविंद (42) निवासी टूरपट्टी कुशीनगर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दोनों वाहनों में सवार अशोक पुत्र अतर सिंह, निवासी महादेव कॉलोनी यमुनानगर और मनोज पुत्र सोमनाथ दरगाहपुर थाना झिंझाना शामली गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। हादसा इतना भयंकर था कि वाहन आपस में टकराकर विपरीत दिशा में घूम गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।