बिहारीगढ़, छुटमलपुर। शिवालिक की पहाड़ियों पर हो रही लगातार बारिश के चलते शाम करीब पांच बजे दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मोहण्ड के जंगल में सड़क पर आकर मलबा इकट्ठा हो गया। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था दो घंटे तक अवरुद्ध रही और बड़ी संख्या में लोग दोनों तरफ फंसे रहे।
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मोहण्ड के जंगल में डाट काली मंदिर से एक किमी पहले पहाड़ों पर हो रही तेज बरसात के चलते पानी के साथ सड़क पर मलबा आकर इकट्ठा हो गया। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों का आवागमन रुक गया। देहरादून जाने वाली गाड़ियों की जंगल में कई किमी लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ बीनू सिंह, मोहण्ड चौकी इंचार्ज रविंद्र धामा के साथ पुलिस स्टाफ लेकर मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग सुचारू कराया।
थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि जेसीबी मशीनों की मदद से रास्ता खुलवा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है।