देवबंद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने कोलकाता में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। साथ ही एसोसिएशन के आह्वान पर 24 घंटे हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया गया। केवल इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
शुक्रवार को आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अनुज गोयल के नेतृत्व में चिकित्सकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेषित ज्ञापन एसडीएम अंकुर वर्मा को सौंपा। इसमें उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन में चिकित्सकों ने कहा कि कोलकाता में हुई दिल को दहलाने वाले अपराध ने राष्ट्र की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कठोर कदम उठाने की मांग भी। डॉ. अनुज गोयल ने बताया कि एसोसिएशन के आह्वान पर 17 अगस्त की सुबह 6 बजे से 24 घंटे के लिए हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया। केवल आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। इसमें डॉ. अरविंद गोयल, रवि प्रकाश खोराना, डॉ. लीना गोयल आदि मौजूद रहे।