सहारनपुर के देवबंद में डॉ. अनुज गोयल पर गोली चलाने वाले बदमाश अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस चिकित्सक के क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों से हमलावरों का सुराग खंगाल रही है।
कैमरे में दो हमलावर सिर पर कैप लगाए नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी शक्ल सूरत स्पष्ट दिखाई नहीं पड़ रही है। बुधवार को भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने देवबंद पहुंचकर पुलिस से हमलावरों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने पुलिस को बदमाशों का शीघ्र सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश दिया। इंस्पेक्टर ने कहा कि पुलिस घटना के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। हमलावर जल्द ही जेल में होंगे।
मंगलवार की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे सहारनपुर बस स्टैंड पर स्थित नर्सिंग होम के डा. अनुज गोयल पर दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और फरार हो गए। दो गोली पैर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जिन्हें उपचार के लिए मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, घटना के विरोध में नगर के चिकित्सक बुधवार को हड़ताल पर रहे। आईएमए की बैठक में चिकित्सकों ने डा. अनुज गोयल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की।
भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा को ज्ञापन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। सांसद ने चिकित्सकों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद चिकित्सकों ने एसडीएम से मिलकर उन्हें भी ज्ञापन सौंपा।
विरोध प्रदर्शन में आईएमए के अध्यक्ष डा. अरविंद गोयल, सचिव डा. आर.के. रस्तौगी, डीके जैन, सत्यदेव, नफीस अहमद, पीयूष सनावर, एम.एम.अंसारी, बी.के. गोयल, रवि खुराना, दुष्यंत सिंह, अदनान मलिक मौजूद रहे।
चिकित्सक डा. अनुज गोयल पर हुए हमले के विरोध में नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कोतवाल चमन सिंह चावड़ा से मिलकर वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की है।
नगराध्यक्ष अजय सिंघल के नेतृत्व में संजीव अग्रवाल, इस्हाक बाले खां, अशोक रतड़ा, दीपक अग्रवाल, निशांत मित्तल, गगन गिरधर, मुकुल गुप्ता, आरिफ उस्मानी आदि मौजूद रहे।
कोतवाल ने व्यापारियों को घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिलाया है। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों दीपकराज सिंघल, राजन छाबड़ा, अरुण गुप्ता, विवेक तायल, राजेश सिंघल आदि ने भी पुलिस प्रशासन से चिकित्सक के हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर घटना के खुलासे की मांग की है। भाजपा नेता अनिल सिंह व मनीष त्यागी ने हमले की निंदा की है।
दस साल पूर्व हुआ था चिकित्सक का अपहरण ः जानकारों के मुताबिक डा. अनुज गोयल का करीब 10 साल पूर्व अपहरण हो गया था। तब चिकित्सक के रुपये देकर छूटने की बात सामने आई थी।
संभावना यही जताई जा रही है कि कहीं रंगदारी के लिए तो बदमाशों ने उन पर फिर से हमला किया है। कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि चिकित्सक को गोली किसने और क्यों मारी अभी स्पष्ट नहीं है। फिर भी वारदात के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बैठक में देवबंद के चिकित्सक डा. अनुज गोयल पर हुए प्राण घातक हमले की निंदा की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. रविंद्र राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों से इस संदर्भ में उचित कार्रवाई करने एवं हमलावरों को अतिशीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
आईएमए सभागार में आयोजित बैठक में अध्यक्ष डा. रविंद्र राणा एवं सचिव डा. प्रशांत खन्ना ने कहा कि इस घटना से चिकित्सकों में भारी रोष है। सभी चिकित्सक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सभा के उपरांत अध्यक्ष रविंद्र राणा के नेतृत्व में चिकित्सकों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला और उनको ज्ञापन सौंपा। आरोपियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने वालों में डा. डीके गुप्ता, डा. प्रदीप अनेजा, डा. कलीम अहमद, डा. अंकुर उपाध्याय, डा. उदयराज सिंह, डा. नीरज आर्या, डा. अवनीश सिंघल आदि मौजूद रहे।