गलत दिशा में ना चलाएं वाहन, करें नियमों का पालन
सहारनपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत टेंपो, टैक्सी तथा ई-रिक्शा चालकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अपील की गई कि गलत दिशा में वाहन ना चलाएं और सड़क पर कहीं भी वाहन पार्क करने की प्रवृति को दूर करें। ताकि हादसे और ट्रैफिक से बचा जा सके।
मंगलवार को रेलवे स्टेशन परिसर में हुई कार्यशाला में मुख्य अतिथि महापौर संजीव वालिया ने टेंपो, टैक्सी तथा ई-रिक्शा को सार्वजनिक परिवहन का प्रमुख साधन माना। साथ ही चालकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम से यातायात नियमों की सीख लें तथा नियमों के हमेशा पालन के लिए संकल्प लें।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने चालकों को यातायात नियमों को गंभीरता से पालन करने की नसीहत दी। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करने, शराब पीकर वाहन ना चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने के लिए भी जागरूक किया। यूनियन पदाधिकारियों से अपील की गई कि बिना पंजीयन चल रहे ई-रिक्शा को तत्काल रोका जाए तथा बिना फिटनेस व बिना लाइसेंस के किसी भी ई-रिक्शा का संचालन न किया जाए। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट पर ही संचालन किया जाए। यातायात निरीक्षक पवन तोमर ने सभी यातायात नियमों पर प्रकाश डाला तथा चालकों से अपील की कि बिना वैध प्रपत्र के वाहन का संचालन न किया जाए।
कार्यशाला में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत श्रीवास्तव, यात्री/मालकर अधिकारी खेमानन्द पाण्डेय, यातायात निरीक्षक पवन तोमर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ई रिक्शा चालक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गुलबहार, मोहम्मद इजहार, लोकेश कुमार, सैय्यद ररहमान, गालिब शाह, सुभाष कश्यप, सफी इस्लाम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।