पुलिस लाइन सभागार में विभागीय अफसरों के साथ बैठक लेते एडीजी राजीव सभरवाल।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने बुधवार को दिनभर निरीक्षण करने के बाद देर रात तक पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सहारनपुर के गोगा म्हाड़ी पर लगने वाले मेले, मुहर्रम से लेकर आने वाले त्योहार पर किसी भी सामूहिक या बड़े आयोजन की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना संक्रमण बढ़ने और शासन की गाइड लाइन के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए चेताया। सोशल मीडिया पर सक्रिय खुराफाती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए भी कहा।
एडीजी राजीव सभरवाल ने जिले और थानों के टॉप टेन अपराधियों, अवैध खनन और भूमाफिया, गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट, लूट, डकैती या चोरी की बड़ी घटनाओं में अधिकतम रिकवरी का निर्देश दिया। थानों में अपराधों की श्रेणियों से लेकर ड्यूटी शेड्यूल और अन्य सभी तरह के अभिलेखों को दुरुस्त रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कोरोना काल में संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही इससे बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाने में भी पुलिस टीमें अलर्ट रहे। पुलिस लाइन से लेकर थानों में बनाए कोविड हेल्प केयर डेस्क या कैंप में स्क्रीनिंग के बाद ही आगंतुकों को प्रवेश दिया जाए। इसमें डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी डॉ. एस चनप्पा, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी देहात अशोक कुमार मीणा सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य मौजूद रहे।