बेहट(सहारनपुर)। पुलिस-प्रशासन द्वारा शाकंभरी देवी रोड पर सड़क के दोनों तरफ खड़े कराए गए खनिज वाहनों के बीच पदयात्री श्रद्धालुओं का डीजे फंसने से शाकंभरी देवी रोड बंद हो गया। इससे सड़क पर जाम लग गया। गुस्साए श्रद्धालुओं ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को दोपहर 12 बजे तक सभी वाहनों को हटवाने का आश्वासन देकर श्रद्धालुओं को शांत किया।
दरअसल, पकड़े गए खनिज वाहनों को पुलिस-प्रशासन ने शाकंभरी देवी रोड पर सड़क के दोनों किनारों पर खड़ा करता है। कुछ वाहन आड़े तिरछे खड़े हैं, जिससे यह रोड वनवे हो गया है। मंगलवार से सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के लिए पदयात्रा शुरू हो गई है। सुबह करीब आठ बजे जनपद शामली के थानाभवन से शाकंभरी देवी जा रहे पदयात्रियों का ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लगा डीजे इन वाहनों के बीच फंस गया। इससे रोड बंद हो गया और जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। परेशान श्रद्धालुओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को दोपहर तक सभी वाहनों को रोड से हटवाकर दूसरी जगह खड़ा कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रूट डायवर्ट कर ट्रैफिक और श्रद्धालुओं को चकराता रोड से वाया मिर्जापुर शाकंभरी देवी निकाला जा रहा है।