ग्रेटर नोएड़ा में लगे हस्तशिल्प मेले पहुंचे कमिश्नर डा लोकेश एम व आईआईए के पदाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में लगे जनपद के स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने वहां ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार और अधिशासी निदेशक आरके वर्मा के साथ बैठक की। जिसमें जनपद से निर्यात बढ़ाने पर मंथन किया गया।
हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जनपद के निर्यातकों के लिए एक विशेष डिजाइनर की नियुक्ति करने और पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में बन रहे वुड कॉर्विंग कलस्टर में बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने आदि पर चर्चा हुई। महानिदेशक ने कहा कि जनपद में शीघ्र ही फिलीपींस के एक वुड डिजाइनर को नियुक्त किया जाएगा। मंडलायुक्त ने पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के बराबर में बन रहे वुड कॉर्विंग कलस्टर में बुनियादी सुविधाओं के तेजी से विकास के लिए भारत सरकार की ट्रेड इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर एक्सपोर्ट स्कीम (टाइज) के तहत यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयूर महेश्वरी से भी वार्ता की। इसके बाद सभी अधिकारियों ने जनपद के निर्यातकों के स्टालों का भ्रमण किया।
आईआईए के चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना ने बताया कि यह मेला दुनिया के सबसे बड़े हस्तशिल्प मेलों में से एक है। जिसमें दुनिया के करीब 90 देशों के 6000 से भी अधिक ग्राहकों ने भ्रमण किया। इसमें फर्नीचर, गिफ्ट एवं डेकोरेटिव लैंप एवं लाइटिंग, क्रिसमस, फेस्टिवल डेकोर ज्वेलरी आदि के स्टॉल लगे हुए हैं। इस मेले में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्राजील, कनाडा, फ्रांस, इजराइल, कीनिया, हांगकांग, चीन आदि देशों के ग्राहक आ रहे हैं।