रायवाला रोड का निरीक्षण करते मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम, नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज साथ में विधायक राज?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। घंटाघर पर धूल के गुबार व सड़क पर उखड़ी बजरी देख और नाले की फिनिशिंग नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए। जीपीओ रोड की एक साइड को 30 दिसंबर तथा घंटाघर से एसएएम इंटर कॉलेज की सड़क को सात दिन में पूरा करने को कहा।
मंडलायुक्त ने सीईओ नगरायुक्त गजल भारद्वाज के साथ कोर्ट रोड का निरीक्षण किया। पार्किंग का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक राजीव गुुंबर व पार्षद पुनीत चौहान ने सड़क निर्माण में देरी के कारण लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने कल्पना सिनेमा से मेला गुघाल गेट तक कराए जा रहे इंटर लॉकिंग टाइल्स बिछाने के कार्य को देखा और गुणवत्ता के साथ जल्दी पूरा करने को कहा। रायवाला रोड पर नव निर्मित नाले की फिनिशिंग का कार्य पूरा नहीं होने पर भी नाराजगी जताई, जबकि कार्यदायी संस्था को पूर्व में सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। सड़क पर जगह जगह उखड़ी बजरी को लेकर गुस्सा व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी सहारनपुर के नोडल अधिकारी सीपी सिंह, डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र सिंह, आरसीसी के इलेक्ट्रिक इंजीनियर आशीष दुबे, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी आदि शामिल रहे।