कार्यालय सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक लेते मण्डलायुक्त लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सरकारी विभागों के विद्युत बकाए की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर की कम वसूली पर नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत निगम के मुख्य अभियंता को वसूली को बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने शुक्रवार को कार्यालय सभागार में उत्तर प्रदेश शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों के तहत जुलाई, 2022 तक की प्रगति के आधार पर मंडलीय समीक्षा की। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने चिकित्सा विभाग के प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा करते हुए एडी हेल्थ को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थी परिवार का एक भी गोल्डन कार्ड नहीं बना है, उनका तत्काल बनाया जाए। नमामि गंगे योजना के तहत तहसील देवबंद में दो नग एसटीपी की स्थापना के लिए उप जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किया। इसके साथ ही ग्रामीण पेयजल योजनाओं की मरम्मत आदि कार्यों को ग्राम पंचायत में उपलब्ध धनराशि से कराए जाने की व्यवस्था के लिए तीनों मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। सहकारी देयों एवं एनपीए से वसूली की समीक्षा करते हुए संयुक्त निबंधक, सहकारिता को दीर्घकालीन ऋण वसूली की प्रगति में तेजी लाने को कहा गया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त सुनील कुमार श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता विद्युत एके आत्रेय, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. बृजेश राठौर, संयुक्त निबंधक सहकारिता योगेन्द्र पाल सिंह, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक आदि रहे।