-शर्तों में शामिल कंपनी से अलग कंपनी का सरिया लगा मिला
- कई कॉलम भी गलत बने मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना की करोड़ों रुपये की परियोजना में गड़बड़ी सामने आई है। जनमंच प्रेक्षागृह के नजदीक 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे पार्किंग एवं कनवेंशन हॉल के निर्माण में सरिया शर्तों में शामिल कंपनी से अलग कंपनी का लगता मिला। साथ ही कॉलम (पिलर) भी गलत बने पाए गए, जिनको अब सुधारा जा रहा है। लेकिन यदि अधिकारी गड़बड़ी ना पकड़ते तो गड़बड़ी को सुधारना मुश्किल था।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत 103 परियोजनाओं पर काम होना है। इन दिनों ज्यादातर पर काम चल रहा है। ऐसे में स्मार्ट सिटी के अधिकारी प्रत्येक साइट पर जाकर नजर नहीं रख सकते हैं। उन्हें भरोसा है कि जिन कार्यदाई संस्थाओं को जिम्मेदारी दी गई है वह जिम्मेदारी से काम करने वाली हैं, लेकिन इसके बावजूद गड़बड़ी सामने आई है। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के अधिकारियों ने जब जनमंच की बगल में बन रहे पार्किंग एवं कनवेंशन हॉल का निरीक्षण किया तो वहां शर्तों में शामिल कंपनी से अलग किसी कंपनी का सरिया इस्तेमाल होता मिला।
इस पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे तुरंत बदलने के निर्देश दिए। इसके अलावा कईं आरसीसी के कॉलम भी गलत निर्मित हुए पाए गए हैं। जिनको तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए। कार्यदाई संस्था ने कॉलम को तोड़कर दोबारा बनाया है। लेकिन यदि स्मार्ट सिटी के अधिकारी मौके पर खामियां नहीं पकड़ते तो सरिया भी गलत लगा दिया होता और गलत बने कॉलम पर भवन बनकर तैयार हो गया होता।
बनते-बनते बिगड़ रहे कार्य
स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 52 लाख रुपये की लागत से बास्केटबॉल कोर्ट बनाया गया है। यह बनने के तीन महीने बाद ही उखड़ गया था, जिस पर अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी और उसके बाद इसकी मरम्मत कराई गई थी। लेकिन यह फिर से उखड़ गया है। इसी प्रकार पुल जोगियान से पुल खुमरान तक बनी स्मार्ट रोड का फुटपाथ जगह जगह से धंस गया है।
कमियों को सुधारा गया-एई
कार्यदाई संस्था सीएनडीएस के सहायक अभियंता श्रीकांत दुबे ने स्वीकार किया है कि कुछ कॉलम गलत बन गए थे, जिनको ठीक करा दिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी माना है कि कुछ सरिया भी गलत पहुंच गया था जिसको हटवा दिया गया है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत जनमंच की बगल में पार्किंग एवं कनवेंशन हॉल का निर्माण किया जा रहा है। हमने निरीक्षण में पाया कि शर्त में शामिल सरिया नहीं लगाया जा रहा है। उसे तुरंत हटवाया गया। साथ ही कई कॉलम भी गलत बने पाए गए, जिनको ठीक कराया गया है। - अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।