सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत के तहत जिले में पात्र लाभार्थियों के 11 हजार आयुष्मान कार्ड बनाकर नया कीर्तिमान बनाया। इसका परिणाम ये रहा कि शाम तक आयुष्मान कार्ड बनाने में जिला दूसरे स्थान पर रहा।
आयुष्मान भवः कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के अथक प्रयासों से रिकॉर्ड आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य संभव हुआ। वह दिनभर निगरानी कर अधिकारियों को दिशा निर्देश देते रहे। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक, डीपीआरओ आलोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार दिनभर इस कार्य के लिए डटे रहे।
यह रिकॉर्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि आयुष्मान कार्ड योजना 23 सितंबर 2018 से प्रारंभ हुई थी। लगभग पांच वर्ष में किसी भी एक कार्य दिवस में इतनी अधिक संख्या में जनपद में कार्ड नहीं बने थे। जनपद में एक जनवरी से 31 अगस्त तक महज 49,943 कार्ड बने थे। इस हिसाब से केवल प्रतिदिन के हिसाब से लगभग 200 के औसत से कार्ड बन रहे थे।