सहारनपुर। रायवाला कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के जिम्मेदार संस्था का जल्द चुनाव कराने की कवायद में जुटे हैं। इसके लिए चुनाव लड़ रहे दोनों गुटों से मतदान की नई तारीख के लिए सहमति बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
रायवाला कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के चुनाव में मतदान से एक दिन पहले मतदान प्रक्रिया को लेकर हुई कहासुनी के बाद हंगामा हो गया था। इसके बाद एक पक्ष से जुड़े व्यापारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और दूसरे पक्ष पर हाथापाई करने का भी आरोप लगाया था। अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी अंतरिक्ष अरोड़ा ने आरोप लगाया था कि दूसरा ग्रुप उन लोगों के भी वोट डलवाना चाहता है, जो रायवाला से दुकान बेचकर चले गए हैं।
उनका कहना था कि वोट आधार कार्ड से डलवाए जाएं, जिससे फर्जी वोट पर अंकुश लग सके। इसके अलावा मतदान सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होना चाहिए। उधर, दूसरे गुट की ओर से महामंत्री पद के दावेदार संजय अरोड़ा का कहना था कि नई वोटर लिस्ट वर्ष 2021 में बनी थी, इसमें 876 वोट हैं। वह इस वोटर लिस्ट के आधार पर मतदान कराना चाहते हैं। इन मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों में हुई तीखी नोंकझाेंक के बाद हंगामा हुआ, जिससे मतदान को स्थगित कर दिया गया।
एसोसिएशन के संरक्षक बब्बल कपूर ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए दोनाें पक्षाें के साथ बैठक कर सहमति बनाने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मतदान कराया जाएगा।
- छह प्रत्याशी है मैदान में
रायवाला कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के चुनाव में विभिन्न पदों के लिए छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें अध्यक्ष पद के लिए अंतरिक्ष अरोड़ा और अजय कालड़ा के बीच मुकाबला होगा। महामंत्री पद के लिए राजकुमार सेतिया और संजय अरोड़ा आमने सामने हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए पवन बंसल और दीपक सचदेवा अपना भाग्य आजमा रहे हैं।