देहरादून रोड स्थित कार्यालय पर ज्ञापन सौंपते डिप्लोमा इंजीनियर्स
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। विभागीय नीति के विपरीत अवर अभियंताओं के किए गए स्थानांतरण को तत्काल निरस्त करने सहित अन्य मांगों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ से जुडे़ अभियंताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह को सौंपा।
बुधवार को देहरादून रोड स्थित संघ भवन पर आयोजित धरने पर अधीक्षण अभियंता को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि विभिन्न समस्याओं का निस्तारण नहीं होने से अवर अभियंताओं में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर 17 से 19 नवंबर तक जनपद के संघ से जुडे़ सभी अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता कार्य बहिष्कार करेंगे। इससे संघ के आंदोलन के चलते गड्ढा मुक्ति अभियान सहित अन्य विकास कार्य प्रभावित होंगे। ज्ञापन में उन्होंने अवर अभियंताओं के बीच समान कार्यभार वितरण करने के संबंध में जारी सर्कुलर का पालन कराने सहित अन्य मांग की। अध्यक्षता संदीप कुमार गौड़ और संचालन राजवीर सिंह ने किया।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य कलम सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष मीनाक्ष श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष सचिन पंवार, रामकिशोर, किशोर कुमार, राकेश कुमार सिंह, रवि कुमार, आलोक कुमार नायक सहित अन्य मौजूद रहे।