विद्यालयो का निरीक्षण करते डीआइओएस
-शासन के आदेश पर शुक्रवार को निरीक्षण करते हुए विद्यालयों की जांच की
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। अमान्य विद्यालयों की पड़ताल के लिए निरीक्षण पर निकले जिला विद्यालय निरीक्षक को कई विद्यालय बिना मान्यता के चलते मिले। जिन विद्यालयों के पास मान्यता थी उनमें अन्य प्रकार की खामियां मिलीं। बिना मान्यता के आठवीं तक की कक्षाएं चलती मिलने पर जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह ने शुक्रवार को जय भारत जूनियर हाईस्कूल बालपुर, द स्मार्ट किड्स इंटरनेशनल स्कूल गादरपुर माफी, आदर्श बाल विद्या मंदिर दाबकी गुर्जर और राष्ट्रीय विद्या निकेतन दाबकी गुर्जर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में जय भारत जूनियर हाईस्कूल में उपस्थित संजय शर्मा द्वारा आठवीं तक की मान्यता संबंधी पत्र दिखाए गए, जबकि विद्यालय में कक्षा नौ और दस की कक्षाएं चलती मिलीं। अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं थे।
शिक्षण कक्ष, अन्य कक्षा-कक्ष मानक के अनुरूप नहीं मिले और फर्नीचर उपलब्ध नहीं है। अप्रशिक्षित शिक्षक पढ़ाते मिले। द स्मार्ट किड्स इंटरनेशनल स्कूल गदरपुर माफी विद्या उपस्थित नहीं मिले। शिक्षिकाएं अप्रशिक्षित मिलीं, जो खुद स्नातक की छात्राएं हैं। प्रधानाचार्य मान्यता संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। आदर्श बाल विद्या मंदिर दाबकी गुर्जर द्वारा भी मान्यता संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखाया गया, जबकि यहां भी दसवीं तक की कक्षाएं चलती मिलीं। कक्षों पर टीनशेड डली मिली। शिक्षक भी अप्रशिक्षित मिले। राष्ट्रीय विद्या निकेतन दाबकी गुर्जर में शिक्षक अप्रशिक्षित मिले। जूनियर स्तर तक की कक्षाओं का संचालन बिना मान्यता मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर जांच के लिए कहा गया है।