-मशीन खराब होने से मरीजों ने मैनुअल कराए एक्सरे, रही भीड़
-कुछ मरीज डिजिटल एक्सरे कराने के लिए निजी केंद्रों पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन खराब है। मशीन के खराब होने से कुछ मरीज तो मैनुअल एक्सरे करा रहे हैं, जबकि कई मरीजों को डिजिटल एक्सरे के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। ऐसे में मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।
एसबीडी जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे व मैनुअल एक्सरे दोनों की सुविधा है। दोनों ही एक्सरे निशुल्क किए जाते हैं। मरीज मैनुअल मशीन के मुकाबले डिजिटल एक्सरे को अधिक तवज्जों देते हैं। हालांकि मैनुअल एक्सरे अधिक होते हैं। डिजिटल एक्सरे में बीमारी या फिर फ्रैक्चर को बहुत अच्छे से देखा जा सकता है। अस्पताल में डिजिटल व मैनुअल मिलाकर प्रतिदिन 120 से 130 एक्सरे होते हैं। डिजिटल एक्सरे मशीन पिछले कुछ दिनों से खराब है। मशीन के खराब होने से मरीजों को काफी दिक्कत आ रही हैं। जिन मरीजों को डिजिटल एक्सरे कराना है तो वह बाहर निजी केंद्र पर करा रहे हैं। मैनुअल एक्सरे कराने में आपाधापी रहती है। घंटों में जाकर एक मरीज का नंबर आ रहा है।
-
जल्द ठीक करा दी जाएगी मशीन : प्रमुख अधीक्षक
प्रमुख अधीक्षक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन का कहना है कि डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने की जानकारी है। मशीन जल्द ठीक कराई जाएगी। मरीजों की दिक्कत को देखते हुए मैनुअल एक्सरे मशीन चल रही है। मैनुअल मशीन से मरीजों के एक्सरे किए जा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता लोगों को सुविधा देना है।