डिजिटल कार्ड की खबर का फोटो- वीडियो ग्राफिक्स शादी का निमंत्रण कार्ड। स्त्रोत-वीडियो।
सहारनपुर। शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। शादी वाले घर विवाह समारोह में अपने परिजनों और परिचितों को निमंत्रण देने के लिए अब डिजिटल कार्ड का सहारा ले रहे हैं। वीडियो की शक्ल में यह कार्ड बेहद आकर्षक भी लगते हैं। इनसे समय के साथ पैसे की भी बचत होती है। इससे ग्राफिक्स कारोबार भी बढ़ रहा है।
बदलते समय में शादी समारोह में निमंत्रण देने का तरीका भी बदल रहा है। पहले जहां अपने रिश्तेदारों और परिचितों को घर पर जाकर शादी समारोह का कार्ड दिया जाता था, तो वहीं अब लोगों का रूख डिजिकल कार्ड की ओर हो रहा है। इस कार्ड के अपने फायदे हैं। इससे जहां पैसों की बचत होती है तो वहीं चंद मिनटों में सोशल मीडिया के जरिए सभी परिचितों को शादी का कार्ड मिल जाता है। इन डिजिटल कार्ड में शादी समेत अन्य समारोह की सभी जानकारियां होती है। यह डिजिटल कार्ड 30 सेकेंड से लेकर 1.30 मिनट के होते हैं। इसी हिसाब से इनकी कीमत भी तय होती है। जो 250 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक है। एक सामान्य कार्ड को प्रिंट कराने में 10 से 15 रुपये लगते हैं।
- बोले कारोबारी
डिजिटल वीडियो और ग्राफिक्स का कार्य करने वाले आलोक शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से डिजिटल वीडियो कार्ड की मांग बढ़ रही है। इनकी कीमत 250 रुपये से शुरू होती है। ग्राफिक्स क्वालिटी, स्टीकर आदि के हिसाब से कीमत बढ़ती जाती है।
- आशीष फुटेला ने कहा कि पहले समारोह वाले घरों में सैकड़ों की संख्या में निमंत्रण कार्ड छपवाते थे। अब कार्ड के साथ डिजिटल कार्ड भी तैयार कराते हैं। जो दूर के परिचित होते हैं, उन्हें सोशल मीडिया के जरिए कार्ड भेजा जाता है। इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है।