संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए अलग होगी व्यवस्था
सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में पीआईसीयू के निचले तल पर चल रहा टीकाकरण केंद्र एसबीडी जिला अस्पताल में शिफ्ट होगा। उसकी जगह कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए कोविड वार्ड तैयार किया जाएगा। इसके अलावा महिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओें के प्रसव के लिए डेडिकेटेड कोविड ऑपरेशन थियेटर भी बनाया जाएगा। यह सभी कार्य अगले पांच दिन में पूर्ण होंगे। कोरोना से निपटने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल पहुंचे अपर मुख्य सचिव रजनीश दूबे ने यह निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव बृहस्पतिवार सुबह 10:50 बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचे। जिला अधिकारी अखिलेश सिंह भी उनके साथ थे। उन्होंने सबसे पहले नई बिल्डिंग के द्वितीय और तृतीय तल पर बने 50 बेड के पीआईसीयू का जायजा लिया। उन्होंने वहां रखे वेंटीलेटर और अन्य मशीनों के बारे में डॉक्टरों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने पीआईसीयू के नीचे प्रथम तल पर चल रहे टीकाकरण केंद्र को भी देखा। करीब 20 मिनट के निरीक्षण के बाद वह बाहर निकल आए। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंदिरा सिंह ने उनसे टीकाकरण केंद्र को किसी अन्य जगह शिफ्ट कर उसकी जगह कोविड वार्ड बनाने की मांग की। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक को टीकाकरण केंद्र को एसबीडी जिला अस्पताल में शिफ्ट कर उसकी जगह कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए।
प्लांट पर 48 घंटे में जेनरेटर लगाने के निर्देश
जिला महिला अस्पताल में हाल ही में स्थापित किए गए ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट के संचालन के लिए जेनरेटर नहीं लगा है। इस पर अपर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई और 48 घंटे के भीतर 250 केवीए का जेनरेटर लगाने के निर्देश सीएमओ को दिए।
डायलिसिस यूनिट को भी देखा
अपर मुख्य सचिव ने एसबीडी जिला अस्पताल में हीमो डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने डायलेसिस यूनिट में लगी 11 मशीनों में से दो मशीनें कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी एंबुलेंस में से 25 फीसदी एंबुलेंस को कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए।
गर्भवती को भर्ती कराया
जिला महिला अस्पताल से निकलते हुए अपर मुख्य सचिव ने देखा कि एक गर्भवती महिला ठंड के बीच बाहर बिछी सीमेंट की बेंच पर बैठी है। उन्होंने पूछा कि किसलिए आए हैं। गर्भवती के साथ बैठी महिला ने बताया कि प्रसव के लिए आए हैं, लेकिन अभी तक आशा नहीं आई है। इस पर उन्होंने सीएमओ और सीएमएस को निर्देश देते हुए महिला को स्ट्रेचर से अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करते अपर मुख्य सचिव रजनीश दूबे- फोटो : SAHARANPUR
जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक के बूट पहनते अपर मुख्य सचिव रजनीश दूबे- फोटो : SAHARANPUR