चिलकाना। चिलकाना क्षेत्र में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुखार से गांव ढुलानी में एक और महिला की मौत हो गई। गांव ठुलानी निवासी सत्यपाल की पत्नी कौशल (55) को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। कौशल का इलाज देहरादून स्थित एक बड़े अस्पताल में चल रहा था, लेकिन बुखार को आराम न होने के कारण दो दिन पहले उसे अंबाला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुखार के चलते इलाज के दौरान कौशल की मौत हो गई। परिजनों ने कौशल का अंतिम संस्कार कर दिया। चिलकाना क्षेत्र में बुखार से अभी तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग गांवों में एंटी लार्वा तथा कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कर रहा है तथा अलग-अलग गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयां दी जा रही है। इस सब के बावजूद भी क्षेत्र में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है।