ढमोला व शहर के दो बड़े नालों की सफाई का काम शुरू
सहारनपुर। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के कारण पांवधोई व ढमोला नदी के सफाई कार्य में विलंब हुआ है। दोनों नदियों की सफाई के साथ साथ महानगर के आठ बड़े नालों की भी सफाई कराई जाएगी। जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आगामी बरसात में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि इन नालों के अतिरिक्त दिल्ली रोड, बेहट रोड, जैन कालेज रोड, पुराना कलसिया रोड, खाताखेड़ी, नुमाइश कैंप, नेहरू मार्केट, कोर्ट रोड, अंबाला रोड, डीएम आवास रोड व नवादा रोड आदि के नालों की सफाई का कार्य पहले ही कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पांवधोई नदी में भी बड़े स्तर पर जल्द ही सफाई अभियान शुरू कराया जाएगा। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की है कि वे नालों और नदियों में कूड़ा कचरा न डाले। इससे न केवल नदियां प्रदूषित होती है बल्कि जल के प्रवाह में बाधा आने से वर्षा काल में शहरवासियों को समस्याओं से जूझना पड़ता है।