शाकंभरी देवी के दरबार में उमड़ा भक्तों का सैलाब
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। शनिवार को सिद्ध पीठ शाकंभरी देवी में शिवालिक तलहटी मां के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठी। सुबह से वाहनों का काफिला सिद्ध पीठ में पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने घंटो लंबी लाइन में लगकर मां जगदंबा के दर्शन किए। तपती धूप में भी श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई।
शनिवार को फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी पर भारी भीड़ उमड़ी। समूची शिवालिक तलहटी मां के जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान हो उठी। सुबह से श्रद्धालुओं का काफिला शाकंभरी क्षेत्र में पहुंचना शुरू हो गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्तों ने सर्वप्रथम बाबा भूरा देव के मंदिर में शीश नवाया और उसके बाद शाकंभरी माता के दरबार में मत्था टेककर देश एवं अपने परिवार की खुशहाली की कामना की। तपती धूप में भी श्रद्धालुओं की आस्था को कम नहीं कर पाई। श्रद्धालुओं की लाइन एक बार तो पुलिस चौकी के समीप तक जा पहुंची। श्रद्धालुओं ने तीन से चार घंटे लंबी लाइन में लगकर मां के दर्शन किए। कोतवाली प्रभारी अमरदीप लाल, शाकंभरी चौकी इंचार्ज रामवीर सिंह ने व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सभी वाहनों को शाकंभरी खोल में लगवाना शुरू कर दिया था। राणा परिवार जसमोर की तरफ से श्रद्धालुओं के पीने के पानी के लिए जगह जगह टैंकर लगवाए थे।
शाकंभरी देवी में लगी भक्तों की लाइन- फोटो : SAHARANPUR