सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को दो अवैध निर्माणों को सील किया। इनमें से एक रेलवे रोड पर व्यवसायिक निर्माण और दूसरा चिलकाना रोड पर बेंसमेंट का निर्माण शामिल है।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों निर्माणों को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे रोड पर सील किए गए एक व्यावसायिक निर्माण को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बनाया जा रहा था। चिलकाना रोड पर बालपुर मार्ग के पीछे गली में अवैध निर्माण को भी सील किया गया। इन दोनों निर्माण कार्यों को लेकर विकास प्राधिकरण की ओर से पहले नोटिस जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध विकास प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण करने से पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि कॉलोनी विकास प्राधिकरण से स्वीकृत हो। इसके बाद मानचित्र को स्वीकृत कराकर उसके अनुसार ही निर्माण कराएं। इस दौरान सहायक अभियंता डीके शर्मा, अवर अभियंता सुधीर कुमार एवं रोहित कुमार मेट मदनपाल, विश्वास कुमार, सतेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।