सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को मल्हीपुर रोड पर चार अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। निर्माणाधीन भवनों और आरसीसी सड़कों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त और उखड़वाया गया। प्राधिकरण की कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में खलबली रही। कार्रवाई उपाध्यक्ष आशीष कुमार और सचिव रामजीलाल के निर्देश पर की गई।
सचिव रामजीलाल ने बताया कि जोन चार के तहत आनंद विहार कॉलोनी की बगल में रेलवे फाटक से आगे तीन लोगों के द्वारा 20 बीघा भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही है। भूखंडों को विभाजित करके ब्रिकवर्क द्वारा डिमार्केशन करके आरसीसी सड़कें बनाई गई हैं। उक्त कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। मल्हीपुर रोड पर एक व्यक्ति के द्वारा करीब तीन बीघा भूमि पर डिमार्केशन कर प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा है। मिनी बाईपास रोड पर एक व्यक्ति द्वारा करीब 12 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। इसके अलावा मिनी बाईपास रोड पर ही रजबाहा के निकट दो लोगों द्वारा करीब 17 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इन तीनों कॉलोनियों में भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता सुधीर कुमार, हरिओम गुप्ता, मैट प्रदीप, चरण तथा जेेसीबी चालक सतेंद्र शामिल रहे।