सहारनपुर। पंत विहार में एक किशोरी को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि मामले में कोतवाली सदर बाजार पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि 19 अगस्त की शाम उसकी 15 वर्षीय पुत्री के मोबाइल फोन से उनके पास फोन आया। कॉल करने वाले लोगों ने बताया कि यह लड़की पंत विहार में शिव मंदिर के पास बेहोशी की हालत में पड़ी है। पता लगने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो लोगों ने बताया कि एक युवक ने किसी चीज में जहर डालकर उसको पिलाया है। आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट भी की है। तभी, 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सल्फास का पैकेट भी मिला। होश में आने पर बेटी ने एक युवक नाम बताया था और कहा कि कोल्ड ड्रिंक में उसे जहर दिया गया है। इसके बाद बेटी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
आरोप है कि युवक ने बेटी को शादी का झांसा दिया था और अब शादी करने से मना कर दिया था। इसी के चलते उसने जहर देकर हत्या कर दी। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। छानबीन के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है।