देवबंद विधायक द्वारा लगवाए गए होडिँंगस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में देवबंद के नाम को बदलने को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। देवबंद से भाजपा विधायक ब्रिजेश सिंह ने देवनगरी का तर्क देकर इसका नाम देववृंद करने की बहस शुरू कर दी।
नगर में देवबंद को देववृंद लिखकर धन्यवाद होर्डिंग के जरिये इस मुद्दे को फिर से हवा दे दी है। माना जा रहा है कि विधायक ने अपने स्तर पर ही देवबंद का नाम देववृंद कर दिया है। इसे लेकर मुस्लिम समाज में रोष है।
विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद देवबंद सीट पर भाजपा के ब्रिजेश सिंह विजेता बने थे। उन्होंने चुनाव जीतते ही जनता से किए वादों को पीछे करते हुए सबसे पहले देवबंद का नाम बदलकर देववृंद रखने का एलान कर दिया।
इसके पीछे उन्होंने देवबंद के प्राचीन समय में देवनगरी होने का तर्क भी दिया। नाम बदलने की बात से देवबंद ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में सियासत गरमा गई।
इतना ही नहीं, विधायक ने इससे एक कदम आगे बढ़ाते हुए नगर में लगवाए गए धन्यवाद के होर्डिंग्स पर देवबंद की जगह अपनी विधानसभा का नाम देववृंद लिखवाया है।
हालांकि वह पहले विधानसभा में प्रस्ताव लाकर नाम बदलने की बात कह रहे थे, मगर जिस प्रकार होर्डिंग्स पर देववृंद लिखा गया है। उसे लेकर मुस्लिम समाज विधायक से नाराज है। दारुल उलूम के उलेमा भी विधायक के रवैये से खफा नजर आ रहे हैं।
इस संबंध में दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना अबुल कासिम नौमानी का कहना है कि देवबंद केवल नाम नहीं है, बल्कि यह एक तहरीक है। इसका नाम बदलना कतई उचित नहीं होगा।