सहारनपुर। शासन के सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देशों के बावजूद जिले की बहुत सी सड़कें अभी भी खस्ताहाल में हैं। लोक निर्माण विभाग भी जिले की 75 प्रतिशत सड़कों के गड्ढा मुक्त करने के दावे कर रहा है लेकिन वास्तविकता इससे इतर है। अभी भी यात्रियों को सड़कों में बने गड्ढों से दो चार होना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण हो रही दुर्घटनाओं में लोग जान तो गवां ही रहे हैं वाहनों का भी कबाड़ा बन रहा है।
राज्य मंत्री के क्षेत्र में भी गड्ढामुक्त नहीं हुई सड़क
बड़गांव। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह के विधान सभा क्षेत्र में आने वाली सर्विस रोड की हालत शिमलाना सिसौनी मोड़ से आगे बेहद खस्ताहाल है। चिराऊ, बहेड़ा, मुश्कीपुर, रत्नहेड़ी, नन्हेड़ा खुर्द, नन्हेड़ा कला, पीपलों, लुकादड़ी, भटपुरा, कल्लनहेड़ी आदि दर्जन भर गांव इससे जुड़े हैं। पडौसी जिले मुजफ्फरनगर को भी यह जोड़ती है। लुकादड़ी ग्राम प्रधान रामभूल सिंह, पूर्व प्रधान अमरीश सिंह, जगदीप सिंह भटपुरा, राकेश सिंह नन्हेड़ा, पूर्व प्रधान अमर सिंह चिराऊ, बुद्धु सिंह रत्नहेड़ी, नानौता ब्लाक प्रमुख पति ऋषिपाल सिंह राणा, संजय सिंह, ग्राम प्रधान भटपुरा सोमपाल सिंह ने बताया कि छह किमी लंबी सड़क पर गड्ढों की भरमार है।
चिलकाना क्षेत्र की सड़कों में ज्यों के त्यों है गड्ढे
चिलकाना। सहारनपुर-चिलकाना मार्ग पर अभी भी कुछ स्थानों पर गड्ढे नहीं भरे जा सके हैं। थाने के सामने सड़क अभी तक ज्यों की त्यों टूटी पड़ी है। पटनी से पिलखनी तथा पटनी से गुमटी जाने वाली सड़क की हालत भी बहुत खराब है। दौलतपुर से रावणपुर जाने वाली सड़क के भी अभी तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं। कुल मिला कर चिलकाना क्षेत्र में प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान का कोई असर नहीं दिखाई दिया है।
मिर्जापुर क्षेत्र में नहीं दिखा अभियान का असर
मिर्जापुर। रायपुर से मिर्जापुर को जाने वाले तीन किमी सड़क मार्ग की हालत बहुत दयनीय है। इसको अभी 1.5 किमी मिर्जापुर की तरफ तक का हिस्सा तो पक्का कर दिया गया है जबकि रायपुर की तरफ 1.5 किमी का हिस्सा अभी तक कच्चा पड़ा है। इस पर दिन भर धूल के गुुबार उड़ते रहते हैं। दुपहिया वाहन या पैदल भी इससे गुजरना मुश्किलों भरा होता है। मिर्जापुर से रायपुर की तरफ रोजाना कार्य के लिए जाने वाले कल्लू ठेकेदार, उस्मान सोनी, अशफाक, मुनफैत, रमजान आदि ने बताया कि इस बार उम्मीद थी कि सड़क की मरम्मत हो जाएगी लेकिन अभियान में भी इसकी सुध नहीं ली गई।
नहीं भरे देवबंद-चंदेना व तल्हेड़ी मार्ग के गड्ढेे
देवबंद। सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के आदेश का देवबंद क्षेत्र में कोई पालन होता नहीं दिख रहा है। देवबंद से चंदेना कोली मार्ग पर करीब चार किमी और तलहेड़ी बुजुर्ग बस स्टैंड से चंदेना कोली गांव तक करीब 6 किमी का टुकड़ा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। आलम है कि इन सड़कों में गहरे गड्ढे बन गए हैं जो राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। साथ गड्ढे दुघर्टनाओं का कारण भी बन रहे हैं।
जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान जारी है। अब शासन ने 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए है, इस अवधि में सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। अभी तक 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।
- बालेंद्र, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सहारनपुर।
बड़गांव क्षेत्र में खस्ताहाल पड़ी सर्विस रोड- फोटो : SAHARANPUR
खस्ताहाल हालत में पड़ा रायपुर मिर्जापुर मार्ग- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना सहारनपुर सड़क मार्ग पर थाने के सामने बने गड्ढे- फोटो : SAHARANPUR