ग्राम पंचायत अधिकारी पद के लिए रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न करा ली गई। परीक्षा के लिए सहारनपुर में पंजीकृत 12200 अभ्यर्थियों में से करीब 80 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। परीक्षा देकर छूटे ज्यादातर अभ्यर्थियों ने प्रश्न पत्र को आसान बताया, जिससे मेरिट के हाई जाने की उम्मीद है।
जनपद में ग्राम पंचायत अधिकारी की परीक्षा के लिए 24 केंद्र बनाए गए थे, जबकि अभ्यर्थी 12 हजार 200 पंजीकृत थे। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुई, जो दोपहर साढ़े 12 बजे तक चली। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों से सौ मीटर के दायरे में सभी साइबर कैफे, फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहीं।
परीक्षा देकर निकले अंकित शर्मा, राहुल विश्नोई और मयंक ने प्रश्न पत्र को आसान बताया। उधर, नोडल अधिकारी एडीएम-ई ओपी वर्मा ने परीक्षा के सफलतापूर्वक संपन्न होने की पुष्टि की। बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी की जा चुकी थी।